नेरचौक (मंडी)। बीटेक करने के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर काम करने वाले 28 साल के युवक का शव बाथरूम में मिला है। मुंह पानी से भरी बाल्टी में गिरा हुआ था और शरीर नीला हो चुका था। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और प्रशासन से पोस्टमार्टम न करने की गुहार लगाई। लेकिन प्रशासन मांग ठुकरा दी। जोनल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सपुर्द होगा।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 28 वर्षीय युवक प्रवीण कुमार निवासी पटड़ीघाट क्षेत्र ने बद्दी में बीटेक की पढ़ाई की थी। वह स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में काम कर रहा था। नेरचौक में वह अपने छोटे भाई के पास रह रहा था। उसका छोटा भाई सुबह कॉलेज निकल गया। लेकिन दोपहर बाद जब वह कमरे में आया तो बाथरूम में उसने बपने बड़े भाई को गिरा हुआ पाया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने एसडीएम बल्ह किशोरीलाल से फरियाद लगाई कि वह पोस्टमार्टम नहीं कर सकते। परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए शव की मांग की। उधर एसडीएम ने यह कहते हुए मना कर दी कि शव संदिग्ध हालत में बाथरूम में मिला है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा पोस्टमार्टम भी होना चाहिए। बल्ह के एसएचओ राजेश ठाकुर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए मंडी भेज दिया गया है।