गोहर (मंडी)। बस्सी नाले में बुधवार को खाई में गिरी टाटा सूमो में घायल हुए संजय ठाकुर पुत्र डोलाराम निवासी डमाहर ने मंडी जोनल अस्पताल में देर रात करीब 11 बजे दम तोड़ दिया। अब हादसे में मरने वालों की संख्या 2 हो गई है। बुधवार देर शाम हुए सड़क हादसे में भूप सिंह पुत्र शरण निवासी बस्सी की घटनास्थल पर मौत हो गई थी। इस हादसे में संजय ठाकुर और दास राम घायल हुए थे, जिन्हें नागरिक चिकित्सालय गोहर से मंडी रेफर किया गया था। जहां संजय ठाकुर ने दम तोड़ दिया। बस्सी गांव में सड़क हादसे से हुए दो लोगों की मौत से मातम छा गया है। बुधवार देर साम टाटा सूमो पर सवार होकर भूप सिंह, दास और संजय बस्सी से शलोग जा रहे थे। इस दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस्सी नाले के पास टाटा सूमो खाई में जा गिरी। इस हादसे में भूप सिंह ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया था। दास और संजय को 108 के माध्यम से नागरिक चिकित्सालय गोहर भर्ती किया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद संजय और दास को मंडी रेफर किया गया। जहां देर रात 11 बजे संजय ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने सूमो चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी हितेश लखनपाल ने बस्सी हादसे में दूसरी मौत होने की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करवा इन्हें परिजनों को सौंप दिया है। प्रशासन की ओर से एसडीएम गोहर कुलबीर सिंह राणा ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार की फौरी राहत प्रदान कर दी गई है।