जंजैहली (मंडी)। लोक निर्माण विभाग के छतरी रेस्ट हाउस के चौकीदार का शव ड्यूटी के दौरान रेस्ट हाउस के कमरे में मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए आनी अस्पताल में भेज दिया है। पुलिस ने फिलहाल 174 के तहत कार्रवाई की है। जांच के बाद धाराएं तबदील हो सकती हैं। पुलिस मौत के कारणों का पता लगा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रकाश चंद पुत्र लेद राम गांव झरेड डा. विणी उपतहसील छतरी रेस्ट हाउस में मंगलवार रात को ड्यूटी पर तैनात था। जब सुबह दूसरा चौकीदार आया तो उसने प्रकाश चंद को कुंडी खोलने के लिए आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आ रहा था। इस पर चौकीदार ने जेई हेम प्रकाश को इस बारे में पूरी जानकारी दी। प्रधान ग्राम पंचायत छतरी अजीत राणा को भी बुलाया गया। प्रधान ने फोन करके प्रकाश चंद के दोनों बेटों को मौके पर बुलाया। इस दौरान सभी ने मिलकर दरवाजा तोड़ा तो देखा कि प्रकाश चंद मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। घटना की सूचना जंजैहली पुलिस को दी गई, पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि शव पर किसी भी प्रकार का चोट या घाव के निशान नहीं है। एएसआई मोहन जोशी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी तक मौत के कारणों पता नहीं चल पाया है। परिवार वालों ने किसी पर भी शक नहीं जताया है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लग पाएगा। पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।