मंडी। भाजयुमो जिला मंडी इकाई ने मंगलवार को आक्रोश रैली निकाली। सेरी मंच से लेकर चौहटा बाजार तक प्रदर्शन करते हुए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कहा कि सरकार की छत्रछाया में प्रदेश में वन माफिया, खनन माफिया सक्रिय है। कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। हर क्षेत्र में सरकार नाकाम साबित हो रही है। गुड़िया, होशियार सिंह और युग प्रकरण में सरकार की खिंचाई की। इसके बाद फॉरेस्ट गार्ड होशियार सिंह की मौत की जांच सीबीआई के सुपुर्द करने की मांग को लेकर एडीएम के माध्यम से गर्वनर को ज्ञापन भेजा। रैली के दौरान चौहटा में सीएम का पुतला भी फूंका। ज्ञापन में कहा गया कि आपराधिक तत्व खुलेआम राज्य सरकार के संरक्षण में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। बेरोजगारी भत्ते के नाम पर सरकार ने बेरोजगारों से धोखा दिया है। ज्ञापन में राज्यपाल से सरकार को बर्खास्त करने की मांग उठाई गई। इस दौरान विधायक जयराम के अलावा डीडी ठाकुर, रणवीर सिंह, पंजक जम्वाल, प्रवीण, पायल, दीपक गुलेरिया, नरेंद्र गुलेरिया, रजत ठाकुर, महेश, राकेश वालिया, प्रशांत और अन्य मौजूद रहे।