सुंदरनगर (मंडी)। पुलिस थाना धनोटू के तहत कनैड में एक 16 वर्षीय लड़के ने घर पर शुक्रवार रात को फंदा लगाकर इहलीला समाप्त कर ली है। वहीं, सुंदरनगर क्षेत्र से दो छात्राएं लापता हो गई हैं। पुलिस ने दोनों घटनाओं के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वर्षीय कार्तिक पुत्र डिंपल निवासी कनैड 10वीं कक्षा में पढ़ता था। शनिवार रात को रोजाना की तरह अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। सुबह जब उसे घर वाले जगाने गए तो उसे फंदे से लटका हुआ पाया। इस पर परिवार के सदस्य उसे फंदे से उतार कर उपचार के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत करार दे दिया।
मृतक कोई सुसाइड नोट भी नहीं छोड़कर गया है। ऐसे में उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्थिति साफ नहीं हो पाई है। डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि मृतक के शव का मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाया गया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
स्कूल प्रधानाचार्य ने दर्ज करवाई गुमशुदगी की रिपोर्ट
नगर परिषद सुंदरनगर के पुराना बाजार में स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाले दो नाबालिग लड़कियां रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई है। स्कूल के प्रधानाचार्य ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बीएसएल थाना में दर्ज कराई है। थाना में दी गुमशुदगी की रिपोर्ट में आनंद मार्ग पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य आनंद करतामला ने कहा है कि 19 अप्रैल को उनके स्कूल की दो लड़कियां जिनकी आयु 12 व 14 वर्ष है, बिना बताए कहीं चली गई है। उन्होंने हर संभावित स्थान पर दोनों लड़कियों को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन उनका कोई पता न चल पाया। इसके कारण स्कूल प्रबंधन उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। डीएसपी भारत भूषण ने बताया बीएसएल थाना में मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।