जोगिंद्रनगर (मंडी)। शहर में पठानकोट चौक पर उस समय बड़ा हादसा होते-होते बच गया, जब बैजनाथ की ओर से मंडी जा रहे ट्रक में ट्रैफिक लाइट की तार फंस गई और बस अड्डे की ओर लगा ट्रैफिक लाइट का खंभा बीच सड़क पर जा गिरा। दूसरी तरफ हर्बल गार्डन की ओर जाने वाले रास्ते पर लगा ट्रैफिक लाइट का पोल बिजली की तारों की वजह से गिरने से रुक गया। इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं लगी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कोई छोटा वाहन या फिर यहां से लोग गुजर रहे होते तो कुछ भी हो सकता था। गनीमत यह रही कि उस समय सड़क खाली थी। बाद में इस पोल को हटाने के लिए जेसीबी बुलाई गई। इसके माध्यम से पोल को हटाया गया। प्रत्यक्षदर्शी राकेश राणा ने बताया कि सुबह से ट्रैफिक लाइट की वायर ढीली पड़ गई थी, जिसके चलते इस वायर पर किसी की निगाह नहीं पड़ी और शनिवार शाम को यह नुकसान हो गया।