मंडी। विधानसभा चुनावों में सिराज और सरकाघाट विस क्षेत्र में चुनाव प्रक्रिया में माइक्रो आब्जर्वर की फीडबैक पर जवाब देने की बजाए टाल मटोल की जा रही है। माइक्रो आब्जर्वर ने आयोग के अधिकारियों पर यह आरोप लगाए हैं।
राज्य मुख्य चुनाव अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी मंडी से चार माह पहले 28 दिसंबर को आब्जर्वर की फीडबैक पर जवाब मांगा था। लेकिन, चार माह बाद भी जवाब नहीं मिला तो बुधवार को फिर इस बारे हिमाचल प्रदेश चुनाव अधिकारी ने फोन के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी को जल्द जवाब भेजने निर्देश दिए हैं। वहीं, फीडबैक देने वाले माइक्रो आब्जर्वर सुजीत स्वामी ने राज्य चुनाव आयोग पर मामले में टाल मटोल करने के आरोप लगाए हैं। माइक्रो आब्जर्वर ने 10 से अधिक प्वाइंट में चुनाव प्रक्रिया में बरती गई कोताही को इंगित किया था। कर्मचारी ने फीडबैक का यह पत्र केंद्रीय चुनाव आयोग को भी लिखा था। बावजूद इसके चार माह तक फीडबैक पर अभी जिला निर्वाचन अधिकारी महज संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों से जवाब मांग सके हैं।
फीडबैक देने वाले माइक्रो आब्जर्वर सुजीत स्वामी ने कहा कि 28 दिसंबर 2017 के लिखे हुए पत्र पर अभी तक जिला चुनाव अधिकारी ने कोई संज्ञान नहीं लिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से चुनाव प्रक्रिया सुधारने के लिए फीडबैक तो मांगी जाती है। लेकिन, इस फीडबैक से अधिकारियों को सरोकार ही नहीं है। यहां केंद्रीय चुनाव आयोग ने तो इस पर संज्ञान लेना तक जरूरी नहीं समझा एवं राज्य चुनाव आयोग ने जिला चुनाव अधिकारी से रिपोर्ट मांगने का पत्र भेज कर मामले में हाथ खड़े कर दिए। चार माह से जवाब के नाम पर महज कागजों में हवाई बातें ही हो रही हैं।
यह गिनाईं थी कमियां
खराब कोआर्डिनेशन एवं व्यवस्था से लेकर मतगणना तक माइक्रो आब्जर्वर ने कई कमियां गिनाईं गई हैं। चुनाव ड्यूटी रिहर्सल के दौरान 3 नवंबर से 18 दिसंबर 2017 तक माइक्रो आब्जर्वर का परिचय पत्र चेक तक न करना, चुनाव आयोग के अनुसार माइक्रो आब्जर्वर को जनरल आब्जर्वर ही ट्रेनिंग दे सकता है लेकिन, यहां पर नायब तहसीलदार ने ट्रेनिंग दी, मतगणना की ट्रेनिंग न देने के बारे, मतगणना के नोटिस में कर्मियों के फोटोग्राफ आई कार्ड बनाने में खामियां, सरकाघाट में कर्मचारियों को खाना खिलाने के कामर्शियल सिलेंडर की बजाए घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल, सिराज में चाय की गुणवत्ता पर सवाल और बिलों को पास करने से पहले जांच की मांग रखी गई थी, सरकाघाट में रहने के लिए कोई प्रबंध नहीं।
रिटर्निंग ऑफिसर से मांगा जवाब
नायब तहसीलदार निर्वाचन मंडी विजय शर्मा ने कहा कि सिराज और सरकाघाट के रिटर्निंग ऑफिसर से इस बारे में जवाब मांगे गए हैं। जल्द ही राज्य चुनाव आयोग को जवाब प्रेषित किया जाएगा।
जल्द जवाब भेजने के निर्देश : धीमान
हिमाचल प्रदेश चुनाव अधिकारी हरवन लाल धीमान ने कहा कि चार माह पहले माइक्रो रिटर्निंग की फीडबैक पर जवाब मांगा गया है। जवाब न मिलने पर बुधवार को फोन पर भी जल्द जवाब भेजने के जिला निर्वाचन अधिकारी मंडी को निर्देश दिए गए हैं।