करसोग (मंडी)। बहुतकनीकी कॉलेज संघर्ष समिति की बैठक करसोग में मंगलवार को आयोजित हुई। इसमें कॉलेज की अधिसूचना को बहाल करने की मांग को लेकर आगामी रणनीति तैयार की गई। मीटिंग में कहा गया कि बहुतकनीकी कॉलेज को लेकर सरकार का रुख अभी तक सकारात्मक नहीं हैं। इसलिए अब संघर्ष समिति जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी। संघर्ष समिति का मानना है कि यह संघर्ष लंबा और कठिन होगा मगर जीत जनता की होगी। संघर्ष समिति ने तय किया कि 30 मार्च से लेकर दो अप्रैल तक करसोग के अलग-अलग 12 स्थानों पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के एक दर्जन पुतले जलाएं जाएंगे। 3 अप्रैल को तत्तापानी में सतलुज नदी में पुतलों की राख का विसर्जन किया जाएगा। इससे आंदोलन को नई दिशा प्रदान की जाएगी। यदि सरकार के रवैये में इस संघर्ष के बावजूद कोई परिवर्तन नहीं आया और करसोगवासियों की भावनाओं की कद्र नहीं की गई तो संघर्ष समिति आंदोलन को और उग्र कर देगी। इस मौके पर संयोजक श्याम सिंह चौहान, सह संयोजक राम लाल, मीडिया प्रभारी भगवंत सिंह, गोपाल कृष्ण, संदीप चौहान, चेतन शर्मा, मीरा शर्मा, संतोष कुमार, पवन, कैप्टन चेतराम, बंटी कुमार आदि सदस्यों ने भाग लिया।