मंडी। आचार संहिता में फंसे जनता से जुड़े करोड़ों के विकास कार्य अब पटरी पर होंगे। डाक्टरों और व्यवस्था की कमी में फंसी चिकित्सीय सेवाएं बेहतर होंगी। आचार संहिता के बाद मंडी जोनल अस्पताल से अटैच मेडिकल कालेज की ओपीडी को नेरचौक मेडिकल कालेज में शिफ्ट करने की कवायद तेज हो जाएगी। जिससे लाखों की आबादी को लाभ मिलेगा। वहीं कुल्लू और सुंदरनगर में गायनी विशेषज्ञों की तैनाती होगी। दोनों स्टेशन पर गायनी चिकित्सक न होने के कारण मंडी अस्पताल में रश बढ़ गया था। गर्भवती महिलाओं को बेड न मिलने के कारण फर्श पर नवजात के साथ लेटाया जा रहा था। जिससे भारी अव्यवस्था का आलम था। इसके बीच एक नवजात की मौत का मामला भी काफी गरमाया था। दूसरी तरफ नगर परिषद में करीब पचास लाख के विभिन्न वार्डों के अटके पड़े निर्माण और विकास कार्य पूरे होंगे। जबकि सैकड़ों होनहारों के लैपटॉप का इंतजार भी खत्म होगा।
हजारों सामाजिक सुरक्षा लाभार्थियों के डाक बचत खाते भी खुलेंगे
अब सीधे डाकघरों के खातों में आनी है पेंशन
मंडी। आचार संहिता खत्म होने के बाद जिला कल्याण विभाग ने सामाजिक सुरक्षा लाभार्थियों के डाक बचत खाते मौके पर खोलने का शेड्यूल जारी कर दिया है। सीधे डाकघरों के बचत खातों में ही अब यह पेंशन आनी है। आचार संहिता के कारण जागरूकता अभियान के कैंप विभिन्न तहसीलों ने नहीं लग सके थे। अब यह कैंप लगेंगे। जिला कल्याण अधिकारी मंडी समीर कुमार ने कहा कि सभी तहसीलों में 21 और 22 दिसंबर 2017 को पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में इच्छुक सामाजिक सुरक्षा लाभार्थियों के डाक बचत खाते मौके पर ही खोले जाएंगे। तहसील सदर में 21 दिसंबर को पंचायत घर ग्राम पंचायत सैण प्रात: 11 बजे, 22 दिसंबर को पंचायत घर ग्राम पंचायत बीर प्रात: 11 बजे, तहसील पधर में 22 दिसंबर को पंचायत घर ग्राम पंचायत थलटुखोड प्रात: 10 बजे तथा 22 दिसंबर को ग्राम पंचायत कुन्नू दोपहर बाद 2 बजे, तहसील बल्ह में 21 दिसंबर को पंचायत घर ग्राम पंचायत नागचला प्रात: 10 बजे, 21 दिसंबर को पंचायत घर ग्राम पंचायत सल्वाहन दोपहर बाद 2 बजे, तहसील गोहर में 21 दिसंबर को खंड विकास अधिकारी कार्यालय बालीचौकी प्रात: 11 बजे, 22 दिसंबर को दुर्गा मंदिर हाल गोहर प्रात: 11 बजे, तहसील थुनाग में 21 दिसंबर को पंचायत घर ग्राम पंचायत धीम कटोरु प्रात: 11 बजे, 22 दिसंबर को पंचायत घर ग्राम पंचायत थुनाग प्रात: 11 बजे, तहसील करसोग में 21 दिसंबर को रामलीला मैदान करसोग प्रात: 11 बजे, 22 दिसंबर को ग्राम पंचायत सरतयोला नजदीक मांहूनाग परलोग प्रात: 11 बजे, तहसील जोगिंद्रनगर में 21 दिसंबर, पंचायत घर ग्राम पंचायत मसोली प्रात: 10.30 बजे, 22 दिसंबर को पंचायत घर ग्राम पंचायत तल्केहड प्रात: 10.30 बजे, तहसील सरकाघाट में 21 दिसंबर को पंचायत घर ग्राम पंचायत बरच्छवाड सुबह 10 बजे, 21 दिसंबर को पंचायत घर जमनी, दोपहर बाद 1.30 बजे, तहसील धर्मपुर में 22 दिसंबर को अंबेडकर भवन सज्याओपिपलु सुबह 10 बजे, 22 दिसंबर को ग्राम पंचायत धर्मपुर दोपहर बाद 1.30 बजे, तहसील बल्द्वाडा में 21 दिसंबर को पंचायत घर बल्द्वाडा सुबह 10 बजे, 21 दिसंबर को ग्राम पंचायत ढलवाण दोपहर बाद 2 बजे, तहसील लडभड़ोल में 22 दिसंबर को पंचायत घर ग्राम पंचायत लडभड़ोल 10 बजे, 22 दिसंबर को पंचायत घर लांगणा दोपहर बाद 2 बजे, तहसील सुंदरनगर में 21 दिसंबर को गांव सौर ग्राम पंचायत बरोटी में सुबह 11 बजे, 22 दिसंबर को पंचायत घर ग्राम पंचायत जांबला सुबह 11 बजे यह शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ।