गोहर (मंडी)। जर्जर खंड विकास कार्यालय भवन में भारी बारिश में जनता से जुड़े रिकॉर्ड खराब होने का डर है। लेकिन 37 पंचायतों के विकास को देखने वाले बीडीओ कार्यालय भवन गोहर का निर्माण कार्य 4 साल बीत जाने के बाद भी शुरू नहीं किया जा सका है। 4 सितंबर 2012 को तत्कालीन ग्रामीण विकास एवं पंचायती राजमंत्री जयराम ठाकुर और स्थानीय विधायक दिलेराम की अध्यक्षता में खंड विकास कार्यालय भवन गोहर का शिलान्यास किया गया था मगर 5 साल बीत जाने के बाद भी इस भवन का निर्माण कार्य सरकार शुरू तक नहीं कर पाई है।
विकास खंड अधिकारी कार्यालय गोहर का कामकाज पुराने भवन में चल रहा है तथा बीडीओ और पंचायत निरीक्षक समेत कनिष्ठ अभियंता वर्ग पंचायत समिति भवन में अपना कामकाज निपटा रहे हैं। भाजपा सरकार के समय इस भवन के लिए सरकार ने 1 करोड़ 20 लाख रुपये का एस्टीमेट स्वीकृत तो करवा दिया लेकिन बजट के नाम पर इस भवन को मात्र 15 लाख रुपये दिए गए। इससे चार साल में कम बजट के अभाव के कारण विभाग इस भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं कर सका है। दशकों पुराने भवन में बारिश के कारण रिकार्ड खराब होने का डर रहता है। सरकार से पंचायत समिति गोहर ने प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री, निदेशक पंचायती राज विभाग और पंचायती राजमंत्री को लिखित तौर पर मांग की है कि जल्द खंड विकास अधिकारी कार्यालय गोहर के भवन के लिए उचित बजट मुहैया करवाया जाए, जिससे इस भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जा सके लेकिन अभी तक समिति को सरकार की ओर से पत्र का कोई जवाब नहीं मिला है। इस बारे में बीडीओ गोहर केआर कपूर ने कहा है कि बजट के अभाव के कारण खंड विकास अधिकारी कार्यालय भवन गोहर का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा सका है। सरकार बजट देती है तो तुरंत इस भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।