जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में दो साल से इस प्रकार की घटनाएं घटित हो रही हैं, लेकिन प्रदेश में सरकार का संरक्षण प्राप्त ठेकेदार दनदना रहे हैं और गलत तरीके से कार्य करते हुए पैसे कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं लांघ चुकी है। हिमाचल में सिर्फ लूट मची हुई है। सरकार विकास कार्य कर ही नहीं पा रही है जबकि कई विभागों में सिर्फ बिल बनाकर सरकारी खजाना लुटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार के मामलों की तह तक जाने की कोशिश कर रही है, ताकि इनके कारनामें उजागर हो सके।
जयराम ठाकुर ने कहा कि ऐसा कोई विभाग नहीं है जिसमें गोलमाल नहीं हुआ हो। उद्योग, वन, पर्यटन, स्वास्थ्य और कृषि विभाग में कई तरह की धांधलियां होने की शिकायतें आ रही हैं लेकिन इस सरकार से जांच की मांग करना ही गुनाह हो गया है। जो आवाज़ उठाता है उसी के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं। यहां तक कि लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ मीडिया को भी निशाना बनाकर मामले दर्ज कर उन्हें डराने का काम किया जा रहा है। हमने पहले ही इनके कारनामों का कच्चा चिट्ठा राज्यपाल महोदय को सौंपा है। अब आम आदमी भी इनके कामों की आरटीआई से सूचना लेकर खुलासे कर रहे हैं जो चिंताजनक और बेहद हैरानीजनक है। सरकार की लोकप्रियता रसातल में जा चुकी है।