उपायुक्त को शिकायत के बाद भी नहीं रुका काम, ग्रामीणों ने दी अदालत जाने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी के तेलिंग गांव में जिपलाइन लगाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। वन अधिकार समिति के विरोध के बावजूद गुफा होटल के समीप जिपलाइन लगाने का कार्य जारी रहने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने 19 नवंबर को उपायुक्त लाहौल-स्पीति को शिकायत सौंपकर काम रुकवाने की मांग की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है।
समिति के सदस्यों का कहना है कि संबंधित भूमि पर जिपलाइन लगाने के लिए एफआरसी की ओर से कोई एनओसी जारी नहीं की गई है। इस भूमि को पार्किंग के लिए विकसित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत और पंचायती राज के पक्ष में पहले ही एनओसी दी जा चुकी है। ग्रामीणों ने वन विभाग की ओर से अनुमति देने, रद करने और दोबारा अनुमति जारी करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं।
एफआरसी अध्यक्ष जगदीश ने कहा कि यदि ग्राम स्तर पर गठित समितियों की सहमति और अधिकारों को महत्व नहीं दिया जाएगा तो इनके गठन का औचित्य क्या रह जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास के विरोध में नहीं हैं, लेकिन विकास कार्य स्थानीय लोगों और वन विभाग के आपसी समन्वय से होने चाहिए। समिति अध्यक्ष जगदीश सहित ग्रामीण देवराज, सुरेश और ओम प्रकाश ने चेतावनी दी कि विरोध और शिकायत के बावजूद काम जारी रहा तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाने को मजबूर होंगे। वहीं, वन मंडल अधिकारी केलांग इंद्रजीत सिरा ने कहा कि वन विभाग ने जिपलाइन लगाने के लिए अनुमति दी है।