श्रमदान करने में जुटे क्षेत्र के युवा, सड़क को किया जा रहा चौड़ा
समाजसेवी संदीप शर्मा ने कार्य के लिए उपलब्ध करवाई मशीनें
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। मंडलगढ़ पंचायत के युवाओं ने डोभी-शिम सड़क को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। काफी लंबे समय से खस्ताहाल सड़क को ठीक करने के लिए युवाओं ने पहल शुरू कर दी है। समाज सेवी संदीप शर्मा ने इस कार्य के लिए जेसीबी सहित अन्य मशीनें उपलब्ध करवाई है जबकि युवाओं ने श्रमदान शुरू कर दिया है। पंचायत उपप्रधान प्रताप ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार को युवाओं ने सड़क के इस तीन सौ मीटर पैच में करीब डेढ़ सौ मीटर क्षेत्र में सड़क को चौड़ा करने का काम शुरू किया है। जिसमें पंचायत के युवा बढ़ चढ़ कर भाग ले रहे हैं। उन्होंने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्य से जन सरोकार से जुडे़ मसले हल होते हैं।
लिहाजा शुक्रवार को शुरू किए गए इस कार्य में पंचायत के युवाओं में नारायण सिंह, अनिल शर्मा, चांद नेगी, पन्ना लाल, विनोद सहित अन्य युवा श्रमदान कर सड़क को ठीक करने का काम कर रहे हैं।
गौरतलब है कि पंचायत उपप्रधान के नेतृत्व में शुरू हुए इस कार्य से क्षेत्र के लोगों को आने वाले समय में काफी फायदा मिलेगा। प्रताप ठाकुर ने बताया कि लगभग 15 सालों से यह संपर्क मार्ग बदहाल पड़ा था और जगह-जगह से अवरुद्ध हो चुका था। कई जगह लोगों ने अवैध कब्जे कर डंपिंग साइट बना रखी थी, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल था और टैक्सी चालक भी इस रास्ते पर आने से कतराते थे।
वार्ड पंच मेघा का कहना है कि सड़क तंग होने से लोग रात के समय वाहन बीच सड़क में ही पार्क कर देते थे, जिससे राहगीरों और मरीजों को भारी परेशानी होती थी। अब सड़क चौड़ी होने से लोगों को सुविधा मिलेगी।