कुल्लू। गुजरात के गांधीनगर में 22 से 28 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले वंदे मातरम कार्यक्रम में कुल्लू के तीन युवा हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय शिविर के लिए लक्ष्मी कश्यप, दिनेश और रविंद्र लाल का चयन हुआ है। लक्ष्मी कश्यप विकास खंड कुल्लू, जबकि दिनेश और रविंद्र लाल भुंतर से हैं।
शिविर में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के युवा भाग लेंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने के साथ ही देश के विभिन्न राज्यों की परंपराओं और विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। चयनित युवा राष्ट्रीय मंच पर हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करेंगे। मेरा युवा भारत कुल्लू की जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिविर के लिए कुल्लू के युवाओं का चयन जिले के लिए गौरव की बात है। यह अनुभव युवाओं को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित करेगा। संवाद