मनाली। पुलिस थाना मनाली के अंतर्गत मनाली बाईपास मार्ग पर टेंपो ट्रैवलर यूनियन के पास एक युवक टैक्सी में अचेत अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनाली पहुंचाया, जहां चिकित्सा अधिकारी ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पवन कुमार (29) पुत्र जोग ध्यान, निवासी नियोली, कुल्लू के रूप में हुई है। शनिवार रात्रि वह टैक्सी (एचपी-01के-9453) में अचेत अवस्था में मिला था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाया और युवक को अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकीय जांच के दौरान मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। परिजनों ने भी मृत्यु को लेकर किसी तरह का संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस के अनुसार मृत्यु के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इसके चलते शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह मनाली में सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले में धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। संवाद