आचार संहिता लागू होने से जिला कुल्लू में कई विकास कार्यों पर ब्रेक लग गई है। हालांकि, लोगों में पंचायत चुनाव को लेकर खासा जोश दिख रहा है, लेकिन विकास कार्य ठप होने से लोग परेशानी में भी हैं।
आचार संहिता लगने से कुल्लू जिले के दुर्गम क्षेत्र आनी की एक सड़क का उद्घाटन रुक गया है। आनी उपमंडल के तहत पड़ने वाली तीन किलोमीटर थरोग-थाच सड़क का उद्घाटन रविवार को होना था। शनिवार को आचार संहिता लगने से अब यह उद्घाटन जनवरी माह के अंत में होगा।
कुल मिलाकर लोगों का बस में सफर करने का इंतजार और लंबा खिंच गया है। लोग सड़क का उद्घाटन होने के इंतजार में थे लेकिन आचार संहिता ने लोगों की खुशी पर पानी फेर दिया है। गौरतलब है कि थरोग-थाच तीन किलोमीटर सड़क पर एक करोड़ 71 लाख खर्च किए गए हैं। तीन दिसंबर को विभाग के अधिकारियों द्वारा सड़क की पासिंग भी की गई थी और रविवार को उद्घाटन करने की तिथि तय की गई थी। लोगों में अब सड़क का उद्घाटन लटक जाने के कारण रोष है। लिहाजा, जिला कुल्लू में कई छोटे-बड़े विकास कार्यों पर ब्रेक लग गई है। सरकारी विभागों में लोगों के कई कामकाज रुक गए हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग आनी के एसडीओ पवन राणा ने बताया कि थरोग-थाच सड़क का उद्घाटन रविवार को होना तय था। आचार संहिता लगने से अब इसका उद्घाटन जनवरी माह के अंत तक किया जाएगा।