सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। ग्राम पंचायत कोकसर के तेलिंग नाला पर 76 मीटर लंबे स्टील ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह पुल तामूर्ति नामक स्थान पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित किया जा रहा है।
विभाग के ठेकेदार ने मशीन के जरिये दोनों तरफ आधार बनाने का कार्य आरंभ कर दिया है। बीते 14 अगस्त को जनजातीय मेले के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इसका वर्चुअली शिलान्यास किया था। इसके निर्माण पर 13 करोड़ 35 लाख 64 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। फिलहाल, इस पुल के निर्माण के लिए सड़क को भी काट दिया गया है जिससे तेलिंग और लालिंग के बीच संपर्क कटा हुआ है।
इससे पैदल यात्रियों को भी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने से अटल टनल और कोकसर से खरचो, लालिंग, यूरामूर्ति, बोगचा जाने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को अब वाया नर्सरी या वाया चिलथांग होकर आठ से दस किलोमीटर लंबे रूट से आना-जाना पड़ रहा है।
हालांकि पुल का निर्माण कार्य आरंभ होने से क्षेत्र के लोगों को उम्मीद जागी है कि जल्द सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अवतार सिंह ने बताया कि तेलिंग में स्टील ब्रिज का कार्य आरंभ कर दिया गया है और पैदल यात्रियों के लिए रास्ता भी बना दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पुल बनकर तैयार हो जाएगा।