कुल्लू। नगर परिषद मनाली में इस बार महिलाओं का दबदबा रहने वाला है। सात वार्डों वाली परिषद में चार वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं, जिससे पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की भागीदारी अधिक रहेगी।
आरक्षण रोस्टर के अनुसार वार्ड नंबर 2, 3, 5 और 6 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। ऐसे में इन वार्डों से महिला उम्मीदवारों ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्षद पद के लिए इन क्षेत्रों में कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
इन वार्डों में जहां पूर्व महिला पार्षदों को दोबारा मौका मिल सकता है, वहीं कई नए चेहरे भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। आरक्षण सूची जारी होने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल भी गर्माने लगा है। कांग्रेस और भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों ने भी इन वार्डों में मजबूत महिला उम्मीदवारों की तलाश शुरू कर दी है, जो जनाधार के साथ जीत दर्ज करने की क्षमता रखती हों। वहीं, चुनाव लड़ने की इच्छुक महिलाएं भी पार्टियों से टिकट हासिल करने के लिए सक्रिय हो गई हैं।
नगर परिषद के अन्य वार्डों में वार्ड नंबर 1 अनुसूचित जाति (पुरुष) और वार्ड नंबर 4 अनुसूचित जनजाति (पुरुष) के लिए आरक्षित हैं, जबकि वार्ड नंबर 7 अनारक्षित रखा गया है। आरक्षण रोस्टर जारी होने के बाद महिलाओं में चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इन वार्डों से कितनी महिलाएं चुनावी मैदान में उतरती हैं और जीत का परचम कौन लहराता है। संवाद