कुल्लू। जिला मुख्यालय में ग्रामीण महिलाएं घर-घर और गली-गली जाकर किल्टों में ताजा सब्जियां पहुंचा रही हैं। इससे शहरवासियों को घर-द्वार पर ही ताजी और जैविक सब्जियां मिल रही हैं। मुख्यालय से सटे लगवैली और भेखली-सारी क्षेत्र की महिलाएं इन दिनों अपने खेतों में उगी सब्जियों को किल्टों में भरकर शहर की गलियों तक पहुंचा रही हैं। इससे जहां उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, वहीं लोगों को भी जैविक खेती से उगाई ताजा सब्जियां उपलब्ध हो रही हैं।
इन क्षेत्रों की दर्जनों महिलाएं सुबह-सुबह शहर की गलियों में पहुंच जाती हैं। कुल्लू घाटी के खेतों में इन दिनों लोकल सब्जियों की अच्छी पैदावार हुई है। सारी, भेखली और लगवैली की तारा देवी, बीना देवी, पुष्पा देवी, राधा और सुमन ने बताया कि उनके खेतों में सब्जियां तैयार हो चुकी हैं। इसलिए वे ताजा सब्जियां शहरवासियों तक पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा कि वे सुबह पांच बजे घर से निकलती हैं और करीब छह बजे ढालपुर पहुंच जाती हैं। इसके बाद शहर की गलियों में घूम-घूमकर सब्जियां बेचती हैं। लोगों का रुझान ताजी और जैविक सब्जियों की ओर बढ़ रहा है, जिससे उनकी अच्छी कमाई हो रही है।
महिलाओं ने बताया कि सुबह-सवेरे बाजार तक पहुंचना उनके लिए चुनौतीपूर्ण होता है। कई बार वे अपने क्षेत्रों से सब्जियों से भरे किल्टे वाहनों के माध्यम से शहर तक पहुंचाती हैं। उन्होंने बताया कि इन दिनों सरसों, पालक, टमाटर, बैंगन और गोभी समेत कई तरह की सब्जियां तैयार हैं। जैविक तरीके से उगाई गई हरी सब्जियां लोगों को काफी पसंद आ रही हैं। महिलाओं ने कहा कि कई बार एक ही मोहल्ले में उनके सब्जियों से भरे किल्टे खाली हो जाते हैं। वहीं, कुछ महिलाएं फुटपाथ पर बैठकर भी सब्जियां बेच रही हैं। संवाद