कुल्लू में रैंप योजना के तहत खिलौना निर्माण पर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित।-संवाद
कुल्लू। महिलाओं को नए कौशल से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से रैंप योजना के तहत खिलौना निर्माण (बुनाई) पर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। जिला उद्योग केंद्र कुल्लू में 27 और 28 नवंबर को आयोजित कार्यशाला में 15 महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान महिलाओं को खिलौनों के नए डिजाइन तैयार करने और बुनाई की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ जिला उद्योग केंद्र कुल्लू की प्रबंधक प्रवीण लता ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण का अधिक से अधिक लाभ उठाने और सीखे गए हुनर को अन्य महिलाओं तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बाजार की मांग के अनुरूप नए और आकर्षक उत्पाद तैयार करना जरूरी है।
प्रशिक्षक कुसुम ठाकुर ने महिलाओं को खिलौना निर्माण के विभिन्न डिजाइन और बुनाई की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि उत्पादों में नए डिजाइन और गुणवत्ता का ध्यान रखकर बाजार में उनकी मांग बढ़ाई जा सकती है। इससे महिलाएं स्वरोजगार अपनाने के साथ उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकती हैं।