क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के महिला पंजीकरण काउंटर पर ताला लटकने से परेशान हुईं मरीज
लंबे इंतजार के बाद पुरुषों के काउंटर पर कतारों में लगकर करवाना पड़ा पंजीकरण
इलाज करवाने पहुंची थीं 260 महिलाएं, करवाचौथ के चलते छुट्टी पर था महिला स्टाफ
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। करवाचौथ के दिन जब क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में 260 महिलाएं इलाज के लिए पहुंचीं तो उन्हें दरवाजा बंद मिला। महिला पंजीकरण काउंटर पर ताला लटका था और कोई सूचना नहीं थी।
घंटों कतारों में खड़े रहकर दर्द से जूझ रहीं मरीजों को पुरुष काउंटर का रुख करना पड़ा। यहां पहले से ही भीड़ थी। अव्यवस्था ने इलाज की राह को और तकलीफदेह बना दिया। इससे सैकड़ों महिलाओं को उपचार में देरी हुई।
गौर रहे कि क्षेत्रीय अस्पताल में महिला और पुरुष पंजीकरण के काउंटर अलग-अलग हैं। महिला पंजीकरण काउंटर अस्पताल के मातृ-शिशु विंग और पुरुष पंजीकरण काउंटर इसके विपरीत नए भवन में है। शुक्रवार को उपचार के लिए पहुंचीं 260 महिलाओं को लंबे समय तक लाइनों में खड़ा रहने के बाद पता चला कि अस्पताल का महिला स्टाफ करवाचौथ के कारण अवकाश पर है। महिला पंजीकरण काउंटर की तीनों विंडो बंद रहेंगी। पंजीकरण के लिए पुरुष काउंटर पर जाना पड़ेगा। महिलाएं पुरुष पंजीकरण काउंटर पर पहुंचीं लेकिन एक ही विंडो होने के कारण पंजीकरण में देरी हुई।
काउंटर पर महिला और पुरुष मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, पुरुष पंजीकरण काउंटर पर दो विंडो हैं लेकिन एक विंडो पर आभा आईडी से टोकन नंबर लेने के बाद ही पंजीकरण होता है। काउंटर की मुख्य विंडो पर भीड़ पूरा दिन रही। मरीज शालिनी शर्मा, मोनिका, अनामिका, आशा वर्मा, शीतल ठाकुर, शानवी ठाकुर, अंशुला शर्मा ने कहा कि महिला पंजीकरण काउंटर पर ताला लटकाना मरीजों के लिए परेशानी बना। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन री अव्यवस्था के कारण मरीजों को परेशान होना पड़ा। एक से दूसरे भवन के चक्कर काटने पड़े और पंजीकरण करवाने के लिए घंटों लाइनों में दर्द के बीच खड़े रहना पड़ा।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ताराचंद ने कहा कि करवाचौथ के चलते महिला स्टाफ छुट्टी पर रहा। महिला पंजीकरण काउंटर को बंद रखा गया था। पुरुषों के पंजीकरण काउंटर पर पंजीकरण की व्यवस्था की गई थी।
किस ओपीडी में कितनी महिलाओं का उपचार
ओपीडी महिलाएं
डेंटल सात
त्वचा रोग 19
आपातकालीन 49
ईएनटी 30
मेडिसिन दो
सामान्य महिला 47
सर्जरी 32
गायनी दो
ऑर्थो 61
शिशु रोग 11