थानीचेड़ में नाले का जलस्तर बढ़ने से लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल में बंजार-टीपूधार-चनौन सड़क पर थानीचेड़ गांव के समीप नाले को जान जोखिम में डालकर पार कर रहे हैं। बारिश के बाद यह नाला उफान पर है।
वीरवार को दूध के बर्तन लेकर आईं महिलाओं को एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नाला पार किया। हालांकि स्कूलों में इन दिनों अवकाश है, अन्यथा ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ सकती थीं।
बुधवार रात को हुई बारिश के बाद नाले का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था। ऐसे में सड़क पार करना वीरवार सुबह ग्रामीणों के लिए आसान नहीं था। लोगों ने मांग की है कि सड़क को दुरुस्त करने के लिए नाले में कलवर्ट डाले जाएं। वहीं, बंजार उपमंडल की कई सड़कों में भूस्खलन के चलते भी लोगों को कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग मंडल बंजार के अधिशासी अभियंता चमन सिंह ठाकुर ने कहा कि सड़क बहाल करने के लिए जेसीबी भेजी है। नाले में कलवर्ट डाले जाएंगे, इससे समस्या पेश नहीं आएगी। संवाद