बोले- वरिष्ठ, नए लोगों को साथ लेकर संगठन को आगे बढ़ाने का करेंगे प्रयास
हाईकमान का आभार, कहा - आलोचना करना ही रह गया है विपक्ष का काम
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कुल्लू। संगठन को जिले में बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। वरिष्ठ और नए लोगों को साथ लेकर संगठन को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
यह बात कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष सेस राम आजाद में जिला मुख्यालय कुल्लू में कही। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में होने वाले चुनावों में कांग्रेस सरकार रिपीट होगी। इसके लिए कड़े प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन के तहत प्रदेश भर में की गईं जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। पार्टी ने हर वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया है। महिलाओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
उन्होंने हाईकमान के साथ प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, विधायक सुंदर ठाकुर, मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा सहित जिला और प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा कि विपक्ष का काम केवल आलोचना करना रह गया है। आपदा के समय भाजपा ने प्रदेश का साथ नहीं दिया। मंडी की सांसद कंगना रणौत ने भी आपदा प्रभावित लोगों की आवाज संसद और केंद्र तक मजबूती से नहीं उठाई।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर हुआ आजाद का स्वागत
अध्यक्ष बनने के बाद सेस राम आजाद सोमवार को कुल्लू पहुंचे। बजौरा से लेकर कुल्लू तक उनका जगह-जगह ढोल-नगाड़ों की थाप पर स्वागत किया गया। सर्किट हाउस कुल्लू में आयोजित स्वागत समारोह में सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष राम सिंह मियां, वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवेंद्र नेगी, यूपेंद्र कांत मिश्रा, संजय गुप्ता सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।