फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kullu News: मणिमहेश के लिए निकली पत्नी, रास्ते में पता चला उजड़ गया सुहाग

Thu, 27 Aug 2026 05:36 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुल्लू
विज्ञापन
अनिल शर्मा की पा​र्थिव देह के सामने बेसुध हुई पत्नी प्रियंका को संभालते लोग। संवाद
विज्ञापन
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। भोलेनाथ के चरणों में शीश नवाने के लिए मणिमहेश यात्रा पर निकली प्रियंका को क्या पता था कि मंजिल तक पहुंचने से पहले ही उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा दुख उसके सामने खड़ा होगा।
विज्ञापन

रविवार को पोरी मेले के समापन के बाद त्रिलोकनाथ से मणिमहेश के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ था। इसी जत्थे में प्रियंका भी शामिल थीं। सिंदवाड़ी गांव के नीचे उनका पहला रात्रि ठहराव हुआ।
24 अगस्त की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके पति सेना में सिपाही अनिल कुमार अब इस दुनिया में नहीं रहे। पति के निधन की खबर सुनते ही प्रियंका बेसुध हो गईं। यात्रा बीच में ही छोड़कर वह घर लौट गईं।
विज्ञापन

बुधवार को जब अनिल का पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया।
इकलौते बेटे के सहारे था परिवार
अनिल अपने पीछे माता ज्वाला दासी, पत्नी प्रियंका, 11 वर्षीय बेटी आलिया और 10 वर्षीय बेटे आयान को छोड़ गए हैं। उनके पिता हरिदास का करीब डेढ़ दशक पहले निधन हो चुका है। परिवार के लिए अनिल ही एकमात्र सहारा थे। इकलौते बेटे से ही मां और परिवार के लालन-पालन की उम्मीद थी। अब उनके जाने से परिवार के सामने भावनात्मक संकट के साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।
अनिल वर्ष 2014 में सेना में भर्ती हुए थे। करीब 12 वर्षों से वह देश सेवा कर रहे थे। उनकी असमय मौत की खबर से न केवल परिवार बल्कि रिश्तेदारों और ग्रामीणों में भी मातम पसरा है। मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांववासी और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
पूरी घाटी ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
जवान का पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। देश की सेवा करने वाले अनिल की मौत पर पूरी घाटी ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी। लोगों ने कहा कि परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है और अनिल का देश सेवा के लिए दिया योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
पूरा प्रशासन परिवार के साथ : अनुराधा
लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा, पूर्व मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा, पूर्व विधायक रघुवीर सिंह ठाकुर और पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह और पूरा प्रशासन परिवार के साथ खड़ा है। देश के लिए अनिल का योगदान और उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें