चार माह बाद भी पतलीकूहल-हल्लाण-दो सड़क खस्ताहाल होने से लोगों में नाराजगी
किसी ने भी नहीं सुनी तो सड़क बहाल करने के लिए खुद ही डंगा लगा रहे हैं ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। चार माह बीत गए लेकिन पतलीकूहल-हल्लाण-दो सड़क पर हालात जस के तस हैं। बारिश और भूस्खलन ने जिस सड़क को तोड़ा, उसे जोड़ने की जिम्मेदारी अब सिस्टम नहीं, बल्कि ग्रामीण खुद उठा रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग की सुस्ती के बीच छात्र, मरीज और नौकरीपेशा लोग रोज जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।
विकास खंड नग्गर के तहत ग्राम पंचायत हल्लाण-दो के ग्रामीणों को यातायात सुविधा नहीं मिल रही है। चार माह पहले भारी बारिश से पतलीकूहल-हल्लाण-दो सड़क जगह-जगह भूस्खलन की चपेट में आई है। लोक निर्माण विभाग ने ग्रामीणों की सुविधा के लिए इस सड़क को अभी तक बहाल नहीं किया है। इस वजह से अब ग्रामीण स्वयं ही सड़क को बहाल करने के लिए डंगा लगाने का काम कर रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले चार माह से सड़क पर बस सेवाएं ठप हैं। इसके अलावा ग्रामीणों के वाहन भी घरों में सड़क क्षतिग्रस्त होने से फंसे हैं। विभागीय लेटलतीफी से पंचायत के ग्रामीण परेशान हैं। अब समस्या का समाधान करने के लिए निजी प्रोजेक्ट प्रबंधन के साथ मिलकर स्वयं डंगा लगाने का काम कर रहे हैं। ग्रामीण नितिन, राजेंद्र, मोहर सिंह, रोशन लाल और सौरव ने कहा कि हल्लाण-दो के हजारों ग्रामीण चार माह से रोजमर्रा की यात्रा के लिए कठिन हालात का सामना कर रहे हैं। पतलीकूहल-हल्लाण सड़क खस्ताहाल होने के कारण परिवहन निगम की बस सेवा बंद है।
विद्यार्थियों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों की आवाजाही आफत बन गई है जबकि निर्माण कार्य भी अधर में लटके हैं। प्राकृतिक आपदा और भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण 14 किलोमीटर लंबी सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हुई है। हालांकि, सड़क छोटे वाहनों के लिए बहाल है लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही न होने से ग्रामीणों को समस्याएं आ रही हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता केडी कश्यप ने कहा कि पतलीकूहल-हल्लाण-दो सड़क की मरम्मत का काम जारी है। उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग की अपील की है।
आपदा में क्षतिग्रस्त पतलीकूहल-हल्लाण-दो सड़क का का मरम्मत कार्य कछुआ गति से चल रहा है। लोक निर्माण विभाग कार्य में तेजी नहीं ला रहा है। इस वजह से हल्लाण-दो पंचायत के ग्रामीणों को रोजाना परेशान होना पड़ रहा है। -मोहित, निवासी हल्लाण-दो
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त पतलीकूहल-हल्लाण-दो सड़क पर न डंगे लगे हैं और न ही संकरी जगहों पर इसका विस्तार हो पाया है। इस वजह से बस सेवा ठप है जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। -साहिल, हल्लाण-दो