जुआणी-रोपा से थरमाण संपर्क सड़क को चलने योग्य बनाया
15 माह पूर्व विधायक को सौंपा था प्रस्ताव, नहीं मिल पाया बजट
संवाद न्यूज एजेंसी
खराहल (कुल्लू)। सड़क बदहाल है, जगह-जगह गड्ढे हैं और मरम्मत के लिए बजट का इंतजार लंबा होता जा रहा है। ऐसे में जुआणी-रोपा से थरमाण संपर्क सड़क को चलने योग्य बनाने के लिए ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाल लिया। शुक्रवार को थरमाण ग्राम सुधार समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने घर-घर से सहयोग राशि जुटाई और आपसी सहयोग से सड़क के गड्ढों को सीमेंट से भरने का काम किया।
वर्ष 2025 में आई आपदा के दौरान यह सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई थी। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। करीब एक किलोमीटर लंबी यह सड़क थरमाण, लोअर थरमाण और थरमाण सेरी सहित आसपास के कई गांवों के सैकड़ों लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है।
सड़क की खराब हालत से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों और बागवानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। रोजाना स्कूल और काम के सिलसिले में मुख्यालय आने-जाने वालों को दिक्कतें होती हैं। वहीं, किसानों और बागवानों को सब्जियों और अन्य उत्पादों को मंडियों तक पहुंचाने में भी परेशानी हो रही है। ग्राम सुधार समिति के प्रधान अनूप भंडारी, सचिव अनिश भंडारी और सदस्य रितेश, संजय, दीपक, आरएस भंडारी, राकेश, सुशील, ज्ञान, कर्म चंद और संजीव शर्मा ने बताया कि सड़क की हालत काफी खराब हो चुकी है।
इस संबंध में 19 जून 2025 को विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को प्रस्ताव भी भेजा गया था, लेकिन अब तक मरम्मत के लिए बजट का प्रावधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने फिलहाल आपसी सहयोग से सड़क को चलने योग्य बनाने का प्रयास किया है। स्थानीय पंचायत ग्राहण के प्रधान नोतम सिंह ने कहा कि सड़क की दशा सुधारने के लिए भविष्य में बजट उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। संवाद