कुल्लू में हुई सुबह की बारिश के बाद ब्यास नदी का नजारा।-संवाद
भारी बारिश से पटरी पर लौटने के बजाय अस्त-व्यस्त हो गया जनजीवन
सैंज के मझाण गांव में दो ट्रांसफार्मर भी ठप, गांवों में पसरा अंधेरा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। एक तरफ प्रशासन बंद सड़कों को खोलने में जुटा है, दूसरी ओर बारिश होने से सड़कें बंद हो रही हैं। जिले में फलों के साथ सब्जियों का सीजन चल रहा है। सड़कों के बंद होने से किसान-बागवान भी अपनी फसलों को समय पर मंडियों में नहीं पहुंचा पा रहे हैं।
वीरवार रात को जिले भर में झमाझम बारिश हुई। इससे जनजीवन पटरी पर लौटने के बजाय अस्त-व्यस्त हो रहा है। बाह्य सराज आनी-निरमंड में 9 सड़कों पर यातायात अवरुद्ध हो गया है। बंजार में छह और कुल्लू में एक सड़क पर बसों की आवाजाही थम गई है। उधर, सैंज के मझाण गांव में दो ट्रांसफार्मर भी ठप हो गए हैं। गांव में अंधेरा पसर गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 15 जुलाई तक बारिश होने का अनुमान लगाया है। 14 जुलाई को येलो अलर्ट जारी कर भारी बारिश होने की संभावना जताई है। अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू अश्वनी कुमार ने कहा कि बारिश से जिले में 16 सड़कें बंद हैं। उन्होंने कहा कि बरसात को लेकर लोग सतर्क रहें। उन्होंने लोगों से नदी-नालों के किनारों से दूर रहने की अपील की है।