जिला मुख्यालय कुल्लू में बंगाल में हुई जीत का जश्न मनाते हुए भाजपाई। संवाद
कुल्लू। पश्चिम बंगाल में मिली जीत की खुशी कुल्लू जिले में भी जोरदार तरीके से मनाई गई। इस अवसर पर जिला भाजपा ने अटल सदन कुल्लू से लेकर ढालपुर चौक तक भव्य विजय रैली निकाली। रैली का नेतृत्व जिला भाजपा अध्यक्ष अमित सूद ने किया जबकि विधायक सुरेंद्र शौरी भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भाजपा समर्थकों ने हाथों में पार्टी के झंडे लेकर नारेबाजी की। ढालपुर चौक पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर अपनी खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष अमित सूद और विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और पार्टी की मजबूत संगठनात्मक क्षमता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देशभर में भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और यह जीत उसी का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अभी पश्चिमी बंगाल में जीत दर्ज की है और अब हिमाचल प्रदेश की बारी है। इस मौके पर अखिलेश कपूर, दानवेंद्र सिंह, धनेश्वरी ठाकुर, रेखा गुलेरिया, नैना शर्मा, अनुपमा कंबोज, संजू पंडित, शरवण ठाकुर सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद