कोकसर/कुल्लू। (लाहौल-स्पीति)। दो सप्ताह तक मौसम साफ रहने के बाद बुधवार को फिर से मौसम ने करवट ली है। दोपहर बाद रोहतांग सहित कुल्लू-मनाली और लाहौल की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। हालांकि सुबह के समय मौसम साफ था। लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छाने लगे और रोहतांग में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। इससे कुल्लू और लाहौल के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
कोकसर पंचायत के पूर्व वार्ड सदस्य सुरेंद्र कटोच ने बताया कि मौसम खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली थी। कहा कि अब अचानक खराब मौसम और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने से तापमान में भारी गिरावट आ गई है। लोग हीटर और अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं। मनाली की ऊंची चोटी मुकरबे, शिकरबे, फातरू की पहाड़ी, लद्दाखी पीक, सेवन सिस्टर और लाहौल के सीबी रेंज, घेपन पीक, बड़ा और छोटा शिगरी ग्लेशियर, बारालाचा पास, कुंजूम पास में दोपहर बादर रुक-रुककर बर्फबारी दर्ज की गई। उधर, सोलंगनाला में सैलानियों ने बर्फ के बीच जमकर मस्ती की। पर्यटकों ने स्कीइंग के साथ पैराग्लाइडिंग, स्नो स्कूटर और घुड़सवारी का आनंद लिया। पहाड़ों में इस वर्ष हुई बर्फबारी से मनाली के पर्यटन कारोबारियों में खुशी की लहर है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि सैलानी व आम लोग मौसम को भांपकर ही आवाजाही करे।