लाहौल-स्पीति में सड़कों को बहाल करने में जुटी बीआरओ की मशीनरी।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जनवरी महीने में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी रहने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। कुल्लू और लाहौल में वीरवार को मौसम खुलने पर कुछ राहत की सांस ली। लेकिन लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हुई।
विद्युत बोर्ड, आईपीएच और लोनिवि सड़कों, बिजली ट्रांसफार्मरों और पानी की पेयजल स्कीमों को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर कर रहे हैं। एक माह से बंद एनएच-305 को बहाल करने के लिए एनएच अथॉरिटी ने घियागी से सोझा तक बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। जिले में करीब 100 से अधिक पंचायतों का संपर्क जिला के साथ उपमंडल मुख्यालयों से कट गया है। बर्फबारी से जिले में करीब 50 सड़कें, दो दर्जन बिजली के ट्रांसफार्मर और पेयजल स्कीमें प्रभावित होने से दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। इसके साथ कुल्लू और लाहौल के कई इलाकों में हिमखंड गिरने का भी खतरा बढ़ गया और इसको लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। सड़कें बंद होने से लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा और लोग मीलों तक पैदल चलने को मजबूर हैं। 100 से अधिक गांवों में अंधेरा होने से लोग बिना बिजली सर्द रातें काटने को मजबूर हैं। हालांकि प्रशासन जिले की अधिकतर जगहों पर जनजीवन के पटरी पर होने का दावा कर रहा है। एडीएम कुल्लू का कार्यभार देख रहे एसडीएम अनुराग चंद्र शर्मा ने कहा कि बर्फबारी से प्रभावित जनजीवन को पटरी पर जाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने हिमखंड गिरने के खतरे को देखते हुए पर्यटकों और लोगों को सतर्क रहने को कहा है।