कुल्लू। ऊंचाई वाले क्षेत्रों के सेब बगीचों में सेब की सेटिंग का दौर चला है। मौसम की बेरुखी के चलते बागवानों को उम्मीदों पर पानी फिर सकता है। अप्रैल में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने मिल रहा है। सुबह के समय धूप खिलने के बाद दोपहर बाद बारिश शुरू हो रही है।
शुक्रवार रात को कुल्लू में बारिश हुई जबकि शनिवार सुबह धूप खिली। दोपहर बाद फिर मौसम बिगड़ा और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। लगभग अप्रैल में इसी तरह के हालात बने। इसका असर अब सेब बगीचों में दिखने लगा है। सेब की पहली फ्लावरिंग की सेटिंग हो चुकी है। कई पेड़ों में कम सेब दिख रहे हैं, जबकि कई बगीचों में सामान्य सेटिंग दिख रही है। सेब की दूसरी फ्लावरिंग मौसम के चलते प्रभावित होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि खराब मौसम के चलते सेब की फसल कितनी प्रभावित हुई है, इसका पता मई के पहले सप्ताह के बाद ही चल पाएगा। जिस तरह से मौसम बना हुआ है, उससे बागवान चिंतित है।
घाटी के बागवान केहर सिंह ठाकुर, प्रेम चंद ठाकुर, अशोक कुमार, नरेंद्र शर्मा और देवी सिंह ने कहा कि मौसम अप्रैल में बागवानों के अनुकूल नहीं बना हुआ है। इसके चलते बागवानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। फ्लावरिंग के दौरान लगातार हो रही बारिश के चलते इसका असर सेटिंग पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि कहीं बगीचों में ठीक तो कहीं पर सेटिंग कम नजर आ रही है।
इस संबंध में बागवानी विभाग के उपनिदेशक बीएम चौहान ने कहा कि विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। संवाद