पतलीकूहल (कुल्लू)। दुआड़ा और पंडोह के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर बार-बार बंद हो रहा है। इससे सेब व सब्जियों से भरे ट्रक फंस रहे हैं। यह बात फलोत्पादक मंडल कुल्लू के अध्यक्ष प्रेम शर्मा ने कही। फलोत्पादक मंडल और पतलीकूहल व बंदरोल की सब्जी मंडी के पदाधिकारियों ने एक संयुक्त बैठक की। इस बैठक में बागवानों के हितों की रक्षा और मौसम की मौजूदा स्थिति पर चर्चा हुई। सड़कें बंद होने से बगीचों में सेब फंसा है, इससे बागवानों को नुकसान हो रहा है। बारिश और भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को लेकर आ रही दिक्कतों को देखते हुए अध्यक्ष प्रेम शर्मा ने प्रशासन से फलों से लदे ट्रकों को प्राथमिकता के आधार पर निकालने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों-बागवानों के उत्पाद ट्रकों में खराब हो रहे हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए आढ़ती एसोसिएशन के साथ मिलकर यह फैसला लिया गया है कि अगर जरूरत पड़ी तो पतलीकूहल और बंदरोल की सब्जी मंडियों को बंद रखा जाएगा। बागवानों को समय रहते इसकी सूचना दी जाएगी उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। किसानों-बागवानों की समस्याओं को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को एक मांग पत्र भी लिखा गया है जिसमें परिवहन और अन्य संबंधित मुद्दों पर ध्यान देने का अनुरोध किया गया है। उधर, आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष कुंज लाल ठाकुर ने बताया कि बुधवार को पतलीकूहल सब्जी मंडी बंद रहेगी जबकि बंदरोल सब्जी मंडी के अध्यक्ष नारायण सिंह ठाकुर ने कहा कि अगर मौसम की स्थिति ऐसी ही रही तो बंदरोल मंडी वीरवार को बंद रखी जाएगी। इसकी जानकारी बागवानों को दी जाएगी।