भुंतर (कुल्लू)। थरास क्षेत्र में आने वाले अपर बाथला गांव में किसान सिंचाई के लिए पानी को तरस गए हैं। किसानों को खेतों में नगदी फसलों के लिए पानी नहीं मिल रहा है। पिछले दो सप्ताह से किसानों को फूलगोभी, टमाटर, स्कैश और खीरा आदि नगदी फसलों की सिंचाई के लिए पानी ही नहीं मिल पा रहा है। वहीं, गर्मी का प्रकोप बढ़ते ही अनार के पौधों में भी पानी भी ग्रामीण नहीं दे पा रहे हैं। इससे किसानों फसलों के मुरझाने का खतरा सताने लगा है।
गौर रहे कि अपर बाथला में थरास सिंचाई योजना का 60 से अधिक किसानों और बागवानों को फायदा मिलता है। मगर करीब दो सप्ताह से सिंचाई कूहल में पानी ही नहीं आ रहा है। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत करवाया गया है, लेकिन उनकी समस्या का अभी तक समाधान नहीं हो पाया है। इससे ग्रामीणों में सरकार और जल शक्ति विभाग के प्रति रोष है।
ग्रामीण पूर्ण चंद, जगत राम, केशव राम, भाग चंद, विनोद कुमार और प्रेम ने कहा कि इन दिनों गर्मी का प्रकोप अधिक है, ऐसे में नगदी फसलों में सिंचाई की आवश्यकता रहती है। मगर कूहल में पानी न आने से परेशान होना पड़ रहा है। नगदी फसलों में सिंचाई न होने पर उन्हें नुकसान झेलना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि अगर विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो ग्रामीण समस्या का मसला उपायुक्त के समक्ष उठाएंगे।
सिंचाई योजना की मोटर खराब हो गई थी, जिसे ठीक करने को दिया गया है। जल्द ही सिंचाई योजना को सुचारू कर दिया जाएगा।
- गौरव शर्मा, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग