जिला लाहौल-स्पीति के स्पीति उपमंडल की तीन पंचायतों काजा, खुरिक तथा सगनम में पंचायत प्रधानों के लिए वीरवार को मतदान हुआ। स्पीति में सुबह के समय माइनस डिग्री तापमान रहता है लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया लोग मतदान केंद्रों की ओर मतदान करने के लिए निकलते गए। तीन पंचायतों में हुुुए चुनाव को लेकर लोग काफी उत्साहित नजर आए। स्पीति उपमंडल में कुल मतदान 73 प्रतिशत रहा। इसमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों के मुकाबले अधिक रही। कुल हुए मतदान में 77 प्रतिशत महिलाओं ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
वहीं, 69 फीसदी पुरुषों ने भी मतदान किया। जिला पंचायत अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सुनील शर्मा ने कहा कि उपमंडल की तेरह 13 पंचायतों में से 10 पंचायतों के प्रधानों, 15 पंचायत समिति सदस्यों में से 10 तथा 67 वार्ड पंचों में से 65 पंचों को पहले ही निर्विरोध चुन लिया गया है।
इसके अतिरिक्त 15 पंचायत समिति सदस्यों में से 04 पंचायत समिति सदस्यों काजा-1, काजा-2, सगनम तथा खुरिंक तथा दो वार्ड पंचों खुरिक पंचायत के वार्ड नंबर 2 और वार्ड नंबर 3 के लिए चुनाव करवाया गया। जबकि, ग्यू पंचायत समिति सदस्य के लिए नामांकन के अंतिम दिन तक किसी ने भी नामांकन नहीं भरा। एसडीएम काजा जगन ठाकुर ने कहा कि पंचायत प्रधान एवं वार्ड पंच के लिए हुए मतदान की मतगणना जारी है। जबकि, पंचायत समिति के लिए हुए मतदान की मतगणना 28 नवंबर को काजा में की जाएगी।