कुल्लू। हिमाचल पथ परिवहन निगम की लग्जरी बसों (वोल्वो) की सुविधा यात्रियों को कुल्लू से नहीं मिलेगी। वोल्वो बसों का संचालन दोबारा जिला मंडी के बस अड्डा से किया जाएगा। कुल्लू-मंडी के बीच हाईवे की स्थिति ठीक न होने की वजह से एचआरटीसी को बसें मंडी से चलानी पड़ रही हैं।
निगम ने दिल्ली, हरिद्वार और चंडीगढ़ के लिए कुल्लू के पतलीकूहल से वोल्वो बस सेवा शुरू की थी, लेकिन सड़क ठीक न होने के कारण दिक्कतें आ रही हैं। इसलिए बसों का संचालन मंडी जिला से ही किया जाएगा। कुल्लू के यात्रियों को वोल्वो बस की सुविधा मंडी से ही मिलेगी। वहां तक यात्रियों को हिमाचल पथ परिवहन निगम की साधारण बसों में जाना पड़ेगा।
इसके अलावा कुल्लू-मंडी के बीच पंडोह कैंची मोड़ में जाम की समस्या से भी दो-चार होना पड़ रहा है। हिमाचल पथ परिवहन निगम के कुल्लू डिपो ने यात्रियों की सुविधा के लिए पतलीकूहल से वोल्वो सेवा शुरू की, लेकिन सड़क की दशा ठीक नहीं है। इस कारण दिक्कत आ रही है।
इस संबंध में पथ परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि पंडोह कैंची मोड़ पर हाईवे ठीक न होने की वजह से वोल्वो सेवा मंडी से ही चलानी पड़ रही है। मंडी से दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए तीन-तीन और शिमला एवं हरिद्वार के लिए एक-एक वोल्वो संचालित की जा रही है। संवाद