सड़कों की दशा ठीक न होने से अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के बाद बंद थी सेवा
दोबारा वोल्वो बसें चलने से मरीजों, यात्रियों के साथ पर्यटकों को भी मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। हिमाचल पथ परिवहन निगम की वोल्वो बसें 23 दिसंबर से पर्यटन नगरी मनाली से राजधानी शिमला के लिए दौड़ेंगी। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के बाद सड़कों की हालत ठीक न होने से मनाली-शिमला रूट पर वोल्वो बस सेवा बंद रही।
अब निगम ने दो माह बाद दोबारा वोल्वो बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। क्रिसमस और नववर्ष से पहले बस चलने से स्थानीय यात्रियों के साथ शिमला-मनाली घूमने आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा।
परिवहन निगम मनाली से शिमला और शिमला से मनाली के लिए यात्रियों को लग्जरी बस सेवा प्रदान करेगा। हालांकि, निगम की सेमी डीलक्स बस सेवा जारी है। अब दो महीने बाद निगम वोल्वो की लग्जरी सेवा भी यात्रियों के लिए 23 दिसंबर रात्रि से शुरू कर देगा। इससे यात्रियों के साथ उन मरीजों को भी राहत मिलेगी जो आईजीएमसी शिमला में उपचार करवाने जाएंगे या उपचार करवाकर वापस लौटेंगे। बस सेवा दो माह से बंद होने के कारण यात्रियों को मनाली-शिमला के बीच आवाजाही में परेशानियां आ रही थीं लेकिन अब वोल्वो बस सेवा दोबारा शुरू होने से यात्रियों का सफर सुगम बनेगा। उधर, अंतरराज्यीय बस अड्डा कुल्लू के प्रभारी खूबराम ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम 23 दिसंबर से मनाली से शिमला के लिए वोल्वो बस सेवा दोबारा शुरू करेगा। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए निगम ने वोल्वो बस संचालन का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सेमी डीलक्स बस मनाली से शिमला के लिए सुबह और वोल्वो शाम के समय संचालित की जाएगी।