नग्गर (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नग्गर में एनएसएस शिविर में शुक्रवार को स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता अभियान चलाया। गोद लिए गांव नग्गर में रैली और जनसंपर्क अभियान के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक, पॉलिथीन और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित प्रबंधन की जानकारी दी। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने आसपास के क्षेत्रों से प्लास्टिक, पॉलिथीन और इलेक्ट्रॉनिक कचरा एकत्र किया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी मेहर सिंह ने बताया कि शिविर में विद्यालय के 25 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं। स्वयंसेवक प्रतिदिन विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रूम सिंह ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने के साथ जीवन के व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी मेहर सिंह, महिला कार्यक्रम अधिकारी मोनिका शर्मा, राजेंद्र, लिपिक जोगिंदर सहित विद्यालय के अन्य अध्यापक मौजूद रहे। संवाद