सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैंज परिसर में साफ-सफाई करते स्वयं सेवी। -संवाद
लारजी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय सैंज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), रोवर रेंजर एवं रेडक्रॉस इकाई ने मंगलवार को सफाई अभियान चलाया। लक्ष्मी नारायण मेला मैदान तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के आसपास साफ-सफाई की। इसका संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. शशि शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ।
स्वयंसेवियों ने मैदान, सीएचसी परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में फैले कचरे को एकत्र कर उसका उचित निष्पादन किया। साथ ही राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को स्वच्छता, साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया। प्राचार्य डॉ. सुजाता ने स्वयंसेवियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान प्रो. होशियार शर्मा, प्रो. प्रेम, प्रो. दिलीप आदि उपस्थित रहे। संवाद