दशहरा में संस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर बैठक की अध्यक्षता करते अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्वनी
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में इस बार वॉलीबाल और कबड्डी की राष्ट्रस्तरीय स्पर्धाएं होंगी। दशहरा खेल उत्सव कमेटी ने पुरुष वर्ग में वॉलीबाल और महिला वर्ग में कबड्डी की राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा करवाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा नॉर्थ जोन बॉक्सिंग जूनियर और महिला वर्ग की बॉक्सिंग राज्य स्तर की करवाई जाएगी।
वहीं, ग्रामीण खेल में वॉलीबाल, कबड्डी के अलावा बॉक्सिंग को भी शामिल किया गया है। महिलाओं के लिए अलग से रस्साकशी के मुकाबले करवाए जाएंगे। दशहरा में इस बार डे एंड नाइट मुकाबले होंगे। दशहरा उत्सव में नॉर्थ जोन और ग्रामीण खेल उत्सव का आयोजन किया जाता है। इस बार खेल विभाग और जिला परिषद का संयुक्त प्रयास है कि खेल उत्सव को विस्तार दिया जाए।
इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से मिलवाना है। जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार ने कहा कि इस बार खेलों के आयोजन मेें विस्तार किया गया है। इस संबंध में जिला खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने कहा कि दशहरा में वॉलीबाल और कबड्डी के मुकाबले राष्ट्रीय स्तर के होंगे। इनमें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया जाएगा ताकि स्थानीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों का खेल देख सकें और उनसे प्रभावित होकर खेल की बारीकियां सीख सकें। कहा कि ग्रामीण खेलों के स्वरूप को भी बदला गया है। संवाद