पतलीकूहल (कुल्लू)। पतलीकूहल के जटेहड़ बिहाल क्षेत्र में एक नेपाल मूल के युवक को हेरोइन (चिट्टा) का इंजेक्शन लगाते हुए ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ा है। युवक की संदिग्ध हरकतों पर नजर पड़ते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। मामले की जानकारी पुलिस को दी।
ग्रामीणों की ओर से की गई प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि वह पतलीकूहल में ही एक युवक से चिट्टा खरीदता है। वह नेपाल मूल का है और 15 मील क्षेत्र में रहता है। इस खुलासे के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन कौशल ने बताया कि जिले में चिट्टा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मनाली सहित अन्य क्षेत्रों में लगातार छापामारी और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध सप्लायर की पहचान कर उसके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद