जिले में आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक करवा रहे योगाभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में लोगों को निरोगी बनाए रखने के लिए योग विधाएं सिखाई जा रही हैं। आयुष विभाग के वेलनेस केंद्रों पर योग सेशन जारी हैं। वेलनेस केंद्रों के अधीन आने वाले गांवों में भी विभागीय टीम लोगों को घरद्वार पर योग विधाएं सीखा रही हैं। ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों के लक्षणों और उनसे बचाव की जानकारी भी दी जा रही है। जिले में लोग आयुष पद्धति से उपचार करवाने को तरजीह दे रहे हैं और विभाग भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास कर रहा है।
आयुष विभाग ने पहले जिले के पांचों स्वास्थ्य खंडों में स्थापित वेलनेस केंद्रों में योग सेशन जारी किए। योग प्रशिक्षक लोगों को योग विधाएं और क्रियाएं सीखा रहे हैं। अब ग्रामीणों को निरोग रखने के लिए वेलनेस केंद्र के अधीन आने वाले गांवों में योगाभ्यास करवाया जा रहा है। इसमें योग प्रशिक्षक ग्रामीणों को सूर्य नमस्कार के साथ योग की विभिन्न क्रियाएं सीखा रहे हैं। इन्हें वे दिनचर्या में शामिल कर स्वयं को निरोग रख सकते हैं। आयुष विभाग के जिला आयुष अधिकारी डॉ. हरीश भारद्वाज ने कहा कि योग को निरंतर करने से लोग निरोग रह सकते हैं। संवाद