सोझा गांव में आयोजित बैठक में उपस्थित अधिकारी और ग्रामीण।
बंजार (कुल्लू)। जलोड़ी टनल के निर्माण के लिए प्रभावितों और प्रशासन के बीच वीरवार को हुई बैठक बेनतीजा रही है। ग्रामीण सोझा गांव के नीचे से टनल न बनाने की मांग पर अड़े हैं। इसके लिए ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव में मतदान न करने का एलान भी किया है। वीरवार को प्रशासन, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ जलोड़ी टनल प्रभावित संघर्ष समिति की बैठक हुई।
सोझा गांव में हुई बैठक पूरी तरह से बेनतीजा रही। समिति के पदाधिकारी और छह गांवों के 80 बाशिंदे एक ही बात पर अड़े रहे कि गांव के नीचे से टनल न बने। संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रकाश ने कहा कि अधिकारियों के समक्ष ग्रामीणों ने अपनी की समस्या को रखा। इसमें एक ही मुख्य मुद्दा था। गांव के नीचे से टनल न निकले। इसके जवाब में अधिशासी अभियंता केएल सुमन ने ग्रामीणों को समझाया कि कंपनी 10 साल तक इसकी देखरेख करेगी।
इसके जवाब में ग्रामीणों ने कहा कि हमें यहां 10-15 साल नहीं रहना है। ग्रामीणों ने एक ही मांग रखी कि प्रशासन, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग संयुक्त रूप से एक पंक्ति में इतना लिखकर दे दें कि सोझा गांव के नीचे से टनल नहीं बनाई जाएगी। उपमंडलाधिकारी बंजार पंकज शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों की मांग जायज है। गांव के अस्तित्व को बचाना धर्म और कर्तव्य है। उन्होंने ग्रामीणों से एक जून को मतदान करने की अपील की है। उधर, समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रकाश ने कहा कि किसी तरह का आश्वासन नहीं चलेगा। जब तक प्रभावितों को लिखित रूप से गांव के नीचे से टनल न बनाने का जवाब नहीं मिलता, तब तक चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान तहसीलदार रमेश कुमार, एसडीओ टहल सिंह शर्मा, संघर्ष समिति के सचिव पदम सिंह, ऐलु राम, ओम प्रकाश, विजय सिंह, सुनील दत्त, मैना देवी, निर्मला आदि उपस्थित रहे। संवाद