मनाली में वाईपास हाईवे पर हो रही टायरिंग।-संवाद
आपदा से क्षतिग्रस्त बाईपास को ठीक कर तीन महीने बाद यातायात शुरू
टारिंग के बाद भूतनाथ मंदिर से वोल्वो बस स्टैंड बाईपास पर दौड़े वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। 25 और 26 अगस्त को आई आपदा से तहस-नहस हुए मनाली के फोरलेन बाईपास पर वाहन दौड़ने शुरू हो गए हैं। टारिंग करने के बाद एनएचएआई ने इस सड़क को चकाचक कर दिया है।
हालांकि अभी भी यह मार्ग पुराने स्वरूप में नहीं आया है। फोरलेन की जगह अब यहां टू लेन सड़क तैयार की गई है। शनिवार को सड़क पर वाहनों की आवाजाही शुरू की गई।
भूतनाथ मंदिर से वोल्वो बस स्टैंड तक लगभग एक किलोमीटर फोरलेन बाईपास हाइवे तीन महीने बाद फिर चकाचक हो गया है। डबललेन सड़क को चकाचक किया गया है। इस सड़क के बनने से मनाली में यातायात जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। यह सड़क बंद होने से आईबैक्स चौक से होकर जाने वाले पुराने हाईवे पर यातायात दबाव बढ़ गया था। इससे मनाली में जाम की समस्या हो रही थी। भूतनाथ मंदिर से वोल्वो बस स्टैंड तक लगभग एक किलोमीटर सड़क लगभग छह जगह क्षतिग्रस्त हुई थी। एनएचएआई ने कुल्लू से मनाली को जोड़ने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया गया। इस कारण फोरलेन बाईपास हाइवे को बनाने का कार्य देरी से शुरू किया गया। कुछ दिन पहले इस सड़क को जोड़ा गया था। एनएचएआई ने इसके तुरंत बाद सड़क की टारिंग का कार्य भी शुरू किया। इस सड़क को टारिंग के बाद यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। इसके बाद अब क्लाथ, आलू ग्राउंड में टारिंग का कार्य किया जा रहा है। हालांकि सड़क पर पड़े बड़े बड़े गड्ढे नहीं भरे जा रहे। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि फोरलेन हाइवे बहाल हो गया है।