भुंतर (कुल्लू)। पुलिस थाना भुंतर के तहत लकड़ी तस्करी का मामला सामने आया है। मंगलवार की रात करीब 12:30 बजे वन्य प्राणी विभाग की टीम ने भुंतर गुरुद्वारा के पास देवदार के 26 स्लीपरों से लदे वाहन को पकड़ा। वन्य प्राणी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार विभाग ने मंगलवार को पाहनाला क्षेत्र के शिकारी ढोग में रात 9 बजे नाकांबदी कर रखी थी। रात करीब 12:15 बजे एक वाहन को चेकिंग के लिए रोका गया लेकिन चालक ने वाहन को रोकने के बजाय आगे दाैड़ा दिया।
विभागीय टीम ने वाहन का पीछा किया और भुंतर स्थित गुरुद्वारा के पास उसे पकड़ लिया। हालांकि, इससे पहले चालक ने एक राहगीर को भी टक्कर मारी है। इससे वाहन घर के बरामदे में घुस गया। वन्य प्राणी विभाग के वन परिक्षेत्र अधिकारी विरेंद्र कुमार की शिकायत पर थाना भुंतर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तलाशी के दौरान वाहन से 26 अवैध देवदार स्लीपर के बरामद हुए। जीप चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।