उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी में सब्जियों का सीजन शुरू हो गया है और यहां की ताजा फसलें देश की मंडियों में पहुंचने लगी हैं। एक ओर सब्जी सीजन की शुरुआत से किसान खुश हैं, वहीं दूसरी ओर मौसम के उतार-चढ़ाव और जाहलमा नाले के खतरे ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।
जाहलमा से लेकर तिंदी तक के लोग नाले की समस्या से परेशान हैं। किसान रमेश लाल, वीर सिंह, सुरेंद्र और मोहन लाल ने बताया कि इस बार 14 पंचायतों के लोगों के लिए सब्जी सीजन पूरी तरह राम भरोसे है।
तेज धूप हो या बारिश, जाहलमा नाला कभी भी उग्र रूप धारण कर सकता है। चार-पांच वर्षों से नाले की बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं और अब भी इसका खौफ बना हुआ है। किसानों के सामने सबसे बड़ी चिंता यह है कि 26 मई को जाहलमा नाले पर बना बीआरओ का पुल क्षतिग्रस्त हो गया था।
इसके बाद लाहौल घाटी की 14 पंचायतों, पांगी घाटी और पर्यटकों की आवाजाही वैकल्पिक मार्ग से करवाई जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि नाले में फिर बाढ़ आई तो उनकी सब्जियों को मंडियों तक पहुंचाना मुश्किल हो जाएगा।
किसानों को आशंका है कि यदि समय पर पुल तैयार नहीं हुआ तो फसलें बाजार तक पहुंचाने में भारी दिक्कत होगी। हालांकि क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि बीआरओ जाहलमा नाले पर निर्माणाधीन पुल को जल्द तैयार करेगा। बीआरओ अधिकारियों ने पुल को 15 जुलाई तक तैयार करने का लक्ष्य तय किया है।
मटर के 60 से 70 रुपये प्रति किलो मिले दाम
लाहौल घाटी में मटर 60 से 70 रुपये, आइसबर्ग 55 से 65 रुपये और ग्रीन लीफी 20 से 30 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रही है। फिलहाल सब्जी सीजन जाहलमा से लेकर उदयपुर के बीच शुरू हुआ है और आने वाले दिनों में इसके और रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है।