साथ बैठा पर्यटक सुरक्षित, लैंडिंग साइट से थोड़ा दूर खेत में पेड़ से अटका
15 दिन में जिले में दूसरा हादसा, पहले भी 70 फीट ऊंचाई से गिरा था पर्यटक
विभाग ने पैराग्लाइडर पायलट और ऑपरेटर का सस्पेंड कर दिया था लाइसेंस
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले की पैराग्लाइडिंग साइट गड़सा में एक पैराग्लाइडर अनियंत्रित होकर पेड़ से फंस गया। हादसे में पैराग्लाइडर पायलट घायल हो गया है जबकि उसके साथ बैठक पर्यटक सुरक्षित हैं।
हादसा लैंडिंग साइट के समीप हुआ। जिले में 15 दिनों के अंदर पैराग्लाइडिंग करते समय यह दूसरा हादसा है। मामला 10 जनवरी का है। जब शाम करीब 5 बजे गड़सा की एक पैराग्लाइडिंग साइट से एक पायलट ने उड़ान भरी। हवा में उड़ने के बाद लैंडिंग साइट से थोड़ा दूर खेत में पैराग्लाइडर अनियंत्रित होकर पेड़ से फंस गया। इस दौरान पायलट नीरत निवासी गड़सा को चोटें आई हैं। हालांकि पायलट के साथ बैठा पर्यटक सुरक्षित रहा। गौर रहे कि 27 दिसंबर को भी गड़सा की ही एक पैराग्लाइडिंग साइट में पैराग्लाइडिंग के दौरान एक पर्यटक करीब 70 फीट की ऊंचाई से गिर गया था। उसे उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। इस मामले में पहले पर्यटन विभाग की ओर से नोटिस देकर जवाब मांगा था। मामले में पर्यटन विभाग ने कार्रवाई करते हुए पैराग्लाइडर पायलट और ऑपरेटर का लाइसेंस सस्पेंड किया था। इसके साथ ही यहां आगामी जांच तक उड़ानों पर भी रोक लगाई थी। गड़सा में तीन पैराग्लाइडिंग साइटें हैं। इन दिनों कुल्लू-मनाली में काफी अधिक संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। पर्यटक साहसिक गतिविधियों का भरपूर आनंद ले रहे हैं। बहरहाल, लगातार हो रहे हादसों को लेकर कई तरह की चर्चाओं का दौर है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि की है।