पतलीकूहल/कुल्लू। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में मनाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता समेत दो लोगों की मौत हो गई।
मनाली के 15 मील में कार की टक्कर से कांग्रेस नेता और सेउबाग में ऑटो पलटने से चालक की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता चेतराम नेगी मनाली में कांग्रेस के उम्मीदवार के नामांकन में भाग लेकर वापस लौट रहे थे। जब वे मंगलवार शाम कुल्लू-मनाली हाईवे तीन स्थित 15 मील पहुंचे तो हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मनाली से कांग्रेस प्रत्याशी भुवनेश्वर गौड़ और मनाली कांग्रेस अध्यक्ष हरिचंद शर्मा ने पार्टी प्रवक्ता के सड़क हादसे में निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि चेतराम नेगी पार्टी के प्रचार-प्रसार करने में अहम भूमिका रही है। कांग्रेस पार्टी को उनकी कमी खलेगी।
एक अन्य मामले में जिला मुख्यालय के साथ लगते सेउबाग में दिवाली की रात सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक घर की ओर जा रहा था। इस बीच ऑटो पलट जाने से वह हादसे का शिकार हो गया। दिनेश कुमार 35, पुत्र राम सिंह, निवासी प्रेमगढ़, डाकघर न्योली, तहसील कुल्लू ऑटो चलाता था। वह सवारी छोड़ने के लिए सेउबाग की तरफ जा रहा था।
दिवाली के चलते वह घर जा रहा था। उसने ऑटो में पटाखे भी रखे थे। सेउबाग में ऑटो अचानक पलट गया। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद परिजनों को गहरा सदमा लगा है।
एएसपी आशीष शर्मा ने कहा कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।