कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल में उपचाराधीन पीलिया के दो मरीजों को रेफर किया गया है। एक मरीज को आईजीएमसी शिमला और एक को मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया है।
बताया जा रहा है कि दोनों मरीजों की हालत में सुधार नहीं हो रहा है। जिला मुख्यालय में अब नए मामलों के आने पर काफी हद तक नियंत्रण लगा है। दो दिनों से एक-एक मामले ही अस्पताल पहुंचे हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेश ने बताया कि सोमवार को क्षेत्रीय अस्पताल में एक ही मरीज भर्ती किया गया है। यह मरीज कुल्लू के अखाड़ा बाजार से आया जिसमें पीलिया के लक्षण पाए गए हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कर दिया है जबकि अस्पताल में पहले से भर्ती मरीजों में से सोमवार को 4 को छुट्टी दे दी गई है।
उन्होंने बताया कि कुल्लू में काफी हद तक पीलिया पर नियंत्रण पाया जा चुका है। दो दिनों में अस्पताल में एक-एक मरीज भर्ती हुआ है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे सावधानियां बरतना जारी रखें ताकि इस तरह की बीमारी न फैले।
उधर, जलशक्ति विभाग की ओर से शहर के टैंकों की सफाई करने के बाद अब पीलिया नियंत्रित होने लगा है। क्षेत्रीय अस्पताल में भी पीलिया के मामले कम हो गए हैं। बुखार से पीड़ित मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं लेकिन पीलिया के मामले कम हैं। शहर में दो-तीन दिनों से लगातार पीलिया के मामलों में कमी आने और पीलिया के नियंत्रित होने से स्वास्थ्य और जलशक्ति विभाग ने राहत की सांस ली है।