देवता के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। खराहल घाटी के त्रांबली गांव में दो दिवसीय बिरशु मेले का शुक्रवार को आगाज हो गया है। त्रांबली सौह में देवता बिजली महादेव ने देव परंपरा का निर्वहन किया। दोपहर बाद देवता बिजली महादेव त्रांबली मंदिर से बाहर निकले। इसके बाद देवता लाव-लश्कर के साथ त्रांबली सौह में पहुंचे। यहां पर उन्होंने देव परंपरा निभाई। देवता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। गौरतलब है कि देवता बिजली महादेव इन दिनों घाटी की परिक्रमा पर निकले हुए हैं। त्रांबली मेले के बाद देवता बिजली महादेव कटियाली मेले में शामिल होंगे। स्थानीय निवासी राकेश और प्रवीण ने कहा कि देवता बिजली महादेव के दर्शन के लिए सुबह से ही त्रांबली गांव में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। देवता से श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।