सैंज में सड़क की ग्रांउड रिपोर्ट की फोटाे।-संवाद
टैक्सी स्टैंड सैंज से बोदली माता मंदिर तक दो किमी मार्ग नहीं हुआ बहाल
लोगों को वाया नालागढ़ होकर छोटे वाहनों में करना पड़ रहा अतिरिक्त सफर
महेंद्र सिंह पालसरा
न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी के लोग वर्ष 2023 की आपदा से हुए नुकसान से नहीं उबर पाए हैं। प्रशासन और सरकारें क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए सड़कें तक ठीक से बहाल नहीं कर पाई हैं।
टैक्सी स्टैंड सैंज से बोदली माता मंदिर तक दो किलोमीटर मार्ग को ढाई साल में बहाल नहीं किया जा सका है। इस कारण कई पंचायतों के लोगों को सड़क सुविधा नहीं मिल रही है। क्षेत्र की पंचायतों को जोड़ने वाले टैक्सी स्टैंड-बोदली माता मंदिर तक के मार्ग में बस सेवा नहीं मिल रही है।
साल 2023 की आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए इस मार्ग को अभी तक ठीक न करने से बस नहीं चल रही है। यह मार्ग बस सेवा योग्य न होने के कारण क्षेत्र के लोगों को वाया नालागढ़ होकर पांच किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। इसमें छोटे वाहनों के माध्यम से उन्हें भारी-भरकम किराया देना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इस बारे में कई बार प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी बात कर चुके हैं लेकिन उसके बाद भी सड़क को बस सेवा के लिए बहाल नहीं किया गया है। दो किलोमीटर लंबी सड़क छह से अधिक पंचायतों को जोड़ती है। लोगों ने जिला प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इस सड़क को जल्द ठीक किया जाए।
इस मार्ग पर बस सेवा न मिलने के कारण क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार और जिला प्रशासन से आग्रह है कि इस सड़क की ओर ध्यान दिया जाए। - डाबे राम, सैंज
ढाई सालों से लोग इस समस्या का सामना कर रहे हैं। प्रशासन और विभाग को लोगों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए सड़क को बस चलाने के लायक बनाना चाहिए। - तापे राम, सैंज